शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2013

Khujli

खुजली 


मुझे कुछ दिनों से काफी खुजली हो रही है
वैसे खुजली तो पहले भी होती थी
पर ये खुजली कुछ अलग तरह की है
क्योंकि इस बार खुजलाने की अनुमति नहीं है

वैसे खुजली किसे नहीं होती
किसी को काम करने की तो किसी को काम ना करने की 
किसी को पैसे कमाने की तो किसी को पैसा उड़ने की 
किसी को लूटने की तो किसी को खसोटने की 
किसी को बाएं हाथ की तो किसी को दायें हाथ की 

खुजली ही कई प्रकार की होती हैं 
सबसे बड़ी नेतागिरी की 
सबसे आम अभिनय की 
लड़कियों को खूबसूरती की 
लड़कों को इश्क की 

खुजली से कई फायदे भी हुए हैं 
रतन टाटा को हुई तो नैनो आ गयी 
मार्क  जूकेरबेर्ग को हुई तो फेसबुक आया 
अन्ना हजारे को हुई तो लोकपाल क्रांति आई  
मनमोहन सिंह को हुई तो, तो भी आखिर चुप्पी ही मिली 

खुजली के कई नुक्सान भी हैं 
कलमाड़ी को हुई तो सी डब्लू जी स्कैम मिला 
लालू को हुई तो चारा घोटाला मिला 
राजा को हुई तो 2 जी स्कैम मिला 
मीडिया को हुई तो ब्रेकिंग न्यूज़ मिला 

अब इंटरनेशनल खुजली की बातें करते हैं 
ओसामा को हुई तो ट्विन टावर गए 
ओबामा को हुई तो ओसामा गया 
सद्दाम को हुई तो कुवैत गया 
बुश को हुई तो सद्दाम गया 

खेल के मैदान में खुजली 
सचिन को हुई तो सौ शतक मिले 
अजहर को हुई तो मैच फिक्सिंग मिला 
हरभजन को हुई तो गिलक्रिस्ट मंकी बना 
हरभजन को फिर हुई तो श्रीसंत पिटा 

छोटे बच्चों की खुजली 
राजू को हुई तो टिन्नू ने कर दी 
टिन्नू को हुई तो पप्पू ने कर दी 
पप्पू को हुई तो दीपू ने कर दी 
दीपू को हुई तो राजू ने कर दी 

फिल्म जगत की खुजली 
खुजा नहीं देना जी खुजा नहीं देना 
ज़माना ख़राब है खुजा नहीं देना 
इतने में राधा प्यारी आई खुजलाती 
मैंने ना जादू डाला बोली खुजलाती 

तो जनाब कहाँ से चले थे और खुजलाते खुजलाते कहाँ तक आ गए 
पर हाँ मुझे अगर खुजलाने की इजाज़त मिल जाए तो मैं 
सारे बलात्कारियों और भ्रष्ट नेताओं को नपुंसक बना दूँ 
एक स्त्री की मर्यादा तो दूसरा देश की मर्यादा लूटता है 

फांसी की सज़ा किसी भी समस्या का हल नहीं होती है 
तकलीफ तो तब होगी की खुजली आये पर वो खुजला न पायें 
वो खुजली करने के लिए हाथ उठायें पर नाखून कटा हुआ पायें 
ज़ख्म नासूर हो जाएँ पर इलाज़ मुमकिन ना हो 

मुझे इंतज़ार है उस दिन का 
जब ऐसे लोगों की या तो खुजली बंद हो जाए 
या मेरे वतन के लोगों में इन नपुंसकों के  
नाखून काटने की छमता और शक्ति आ जाये 

गुरुवार, 7 फ़रवरी 2013

Ravan Kaun ?

रावण कौन ?


कल विजयदशमी है .

पृथ्वी पर तो सभी इस दिन का इंतज़ार करते हैं।  वैसे तो हर किसी के इंतज़ार करने की वजह अलग है पर परलोक में सिर्फ एक व्यक्ति को ही इस दिन का इंतज़ार रहता है।जैसे जैसे ये दिन करीब आता है उसे हिचकी आना शुरू हो जाती है। ऐसे बेचैनी उसे पूरे साल  नहीं होती है। उसका रोयाँ रोयाँ खड़ा हो जाता है।  सदियों से ये दिन बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में मनाया जाता है।वर्षों से रावण भी आदि हो गया था अपने अहँकार के किस्से लोगों से सुनते हुए।दूसरों की नज़रों से अपने आप को काम और वासना की अग्नि में झुलसता हुए देखते हुए। राजनेताओं से ये सुनते हुए की कैसे रावण ने अपने स्वार्थ के लिए अपने कुटुंब और राष्ट्र की बलि चढ़ा दी। परन्तु आजतक कभी भी उसने कभी भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अब तो उसने अपना सारा समय वीणा वादन को सम्पर्पित कर दिया था।


हालाँकि विजयदशमी को बीते हुए दो महीने हो गए थे पर कुछ दिनों से उसके मन में एक अजीब सी बेचैनी थी।  ऐसे बेचैनी और कसमसाहट उसे पहले इतनी सदियों में कभी नहीं हुई जो उसे कुछ महीनो से हो रही थी। पिछले कुछ दिनों की घटनाएं उसे विचलित कर गयी थी। धरती पर इस समय जो भी हो रहा था उससे उसकी रूह काँप उठी थी।क्यों उसे अपना दुराचार आजकल की घटनाओं के समक्ष अत्यंत सूक्ष्म लगने लगा था।


"हाँ मैंने अपनी मर्यादाओं का उल्लंघन किया था। अपने स्वार्थ के लिए शूर्पणखा की नाक कटवा दी थी। सोते हुए भाई कुम्भकरण को मौत की भट्टी में झोंक दिया था। अपने पुत्रों की बलि चढ़ा दी। एक पतिव्रता स्त्री का अपहरण किया।एक राष्ट्र की बलि चढ़ी दी। सोने की लंका को मिटटी में मिला दिया। हाँ ये सब मेरी ही एक जिद्द के कारण हुआ था।"


मैंने बहुत बुरे काम किये,  सीता के अपहरण का जघन्य अपराध तो किया  उनका एक बार भी स्पर्श नहीं किया था। मुझे एक समाज सुधारक के रूप में जाना जाता था। मैंने देवताओं के बनाये हुए नियमों पर प्रश्न उठाये, पशुओं की बलि पर रोक लगवाई। सिर्फ मेरे ही शासन काल में लंका तो सोने की लंका कहा गया था। मेरा नीति शास्त्र का ज्ञान तो स्वयं भगवान् राम भी स्वीकार करते थे तभी उन्होंने मेरे अंत समय में अपने भाई लक्ष्मण को ज्ञान अर्जन के लिए मेरे पास भेजा था। मेरे बराबर का योद्धा कोई नहीं था। अद्वितीय सहस का मैं धनी था। मेरे शास्त्रों की निपुणता के आगे तो शिव भी नमन करते थे। मेरे दस शीश मेरी दरिंदगी नहीं बल्कि मेरी चार वेदों और छह उपनिषदों पर कुशलता का प्रतीक थे।


आमतौर पर अपनी खुली हंसी और अट्ठाहास के लिए रावण जाना जाता था पर आज घुटन महसूस कर रहा था। उसके हाथ वीणा के तार पर फिसल रहे थे। वो इतना विचलित हो गया की अपने निवास से बहार निकल आया खुली हवा में। आमतौर पर तो वो बहार भी नहीं आता था। आखिर वो सबका प्यारा खलनायक जो था।

नंगे पाँव गर्म रेत पर चलता हुआ वो काफी दूर निकल आया। समुद्र तट पर बैठ कर आती हुई लहरों को देख रहा था। ऐसा काफी दिनों बाद हुआ था। अपने लंका के शासनकाल में वो अक्सर एकांत पाने के लिए समुद्र तट पर बैठ कर मनन करता था। तभी उसकी निगाह एक युवती पर पड़ी। दुबली पतली से वो युवती बार बार एक केकड़े को पानी के अनदार डालने की असफल प्रयास कर रही थी। हर बार वोह केकड़े को पानी के अन्दर करती थी और लहरें उसे वापस रेत पर ला कर पटक देती थी। फिर भी वो कोशिश करती जा रही थी ये जानते हुई भी की कभी भी वो केकड़ा उसे काट सकता है। पर वो हार नहीं मान रही थी। रावण उसके सतत प्रयास से काफी प्रभावित हुआ। उससे रहा नहीं गया। उसने अपने स्थान से उठ कर उसकी मदद करने का प्रयास किया पर वो युवती एकाग्रता से अपने प्रयास में लगी हुई थी। अंत में काफी मशक्कत के बाद वो उस केकड़े को वापास पानी के अन्दर करने में सफल हुई।

रावण ने उससे पुछा तुम्हे ज़रा भी भय नहीं लगा, अगर वोह तुम्हे काट लेता तो। युवती के माथे पर एक भी शिकन नहीं आई। उसने कहा ये उसकी प्रवृत्ति है। मेरा कर्म था उसे उसके अपनों के बीच पहुँचाना। मुझे उसे उसका वो स्थान देना था जिसका उसे अधिकार है। यहाँ रहता तो किसी मनुष्य के लालच का शिकार हो जाता। मैंने तो सिर्फ उसका हक़ उसे दिया है जिसका वो हकदार था। मैं ना होती तो शायद कोई और उसकी मदद करता या क्या पता उसे मदद मिलने में अगर देर हो जाती तो वो पाने प्राणों से हाथ धो बैठता। मैंने उसे उसका जीने का हक़ उसे दिया है।


रावण ने फिर उससे पुछा, पुत्री तुम्हारा नाम क्या है ? पहली बार वो मुस्कुरायी और बोली नाम का क्या कुछ भी कह लीजिये, चाहे निर्भया कहिये या ज्योति। मैं तो बस एक प्रतीक हूँ। मेरे जैसे हर जगह आपको मिलेंगे। रावण का मन नहीं माना, उसने फिर पुछा मुझे तुम्हारे अन्दर इतनी हिम्मत होने के बाद भी इतना दर्द क्यों दिखा रहा है। ज्योति भावहीन स्वर में बोली, क्योंकि मेरी मर्यादा का  हनन हुआ है। बल से मेरे शरीर पर मेरी इच्छाओं के विपरीत आक्रमण हुआ है। न मैं पहली स्त्री हूँ जिसके साथ हुआ है और ना ही आखिरी। ये कोई नयी घटना है है, सदियों से चला आ रहा है स्त्रीयों पर अत्याचार, कभी तो पराये करते हैं और कभी अपने भी नहीं छोड़ते। ये घटना क्रम कभी थमा नहीं है। चंद लोगों ने मेरे शरीर पर वार किया पर वो मेरी आत्मा को  छू भी नहीं पाए। मैंने अपनी लड़ाई खुद लड़ने की बहुत कोशिश की। पर ऐसा नहीं हो सका।


रावण की अंतरात्मा अन्दर से हिल गयी। सदियों से वो अपने आप को जो समझाता आया था वोह चकनाचूर हो गया। अपने बुरे कृत्य के पीछे अपनी अच्छाइयों को न याद करने की उलाहना जो वो लोगों देता आया था वो  न जाने पातळ के किस कोने में जाके छुप गयी, उसे पता ही नहीं चला। ज्योति अपनी मुट्ठी में रेत लेकर बोली, आप ये देख रहें हैं। ये मेरे हाथ से कब निकल जाती है, इसका हमें पता ही नहीं चलता। जब हम अपनी मुट्ठी खोलते हैं हैं तो देखते हैं की कुछ बचा ही नहीं। समय भी ऐसा ही है, कब निकल जाता है पता ही नहीं चलता। ये दुनिया बड़ी स्वार्थी है। सब लंगड़े हैं। हर किसी को एक दुसरे की लकड़ी का सहारा बनना पड़ता है। जिस दिन हम लंगडाना छोड़ देंगे, दुसरे का सहारा नहीं लेंगे और अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगे उस दिन हमारा भविष्य हमारी मुट्ठी में आ जायेगा। मैं अपनी लड़ाई खुद तो नहीं लड़ सकी पर मैंने हर जागरूक मानव के अन्दर एक ज्योति दी है। इस लड़ाई को वो कितना आगे ले जाता है वो इसपर निर्भर करता है की वो कितना निर्भय है। मैंने सिर्फ शक्ति देने का प्रयास किया है। मैं कितनी सफल हुई हूँ ये तो आने वाला समय ही बताएगा। ये कहते हुए वो फिर से भागी और एक मछली जो पानी से बहार आ गयी थी उसे चुल्लू भर पानी की मदद से एक अस्थायी जलाशय में डाल आई।


रावण के अन्दर अब और कोई भी सवाल पूछने की शक्ति नहीं रह गयी थी। अब उसे समझ आया की क्यों उसका मन विचलित हो रहा था। इतने वर्षों बाद उसे उसे ग्लानी हो रही थी और अपने किये पर खुद को ही धिक्कार रहा था। पर वो ये भी सोचने पर मजबूर हो गया कि रावण कौन है, वो जो परलोक मैं हैं, या हज़ारों वो लोग जो धरती पर बेसाख्ता नर संहार कर रहे हैं, पर्यावरण को नष्ट कर रहे हैं, धोखाधडी कर रहे हैं, आम जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। रावण वो है, या वो जो प्रतिदिन स्त्रीयों की मर्यादा का हनन कर रहे हैं।


ज्योति उस मछली को जीवन दान देकर फिर वापास आई और बोली, विजयादशमी पर रावण का पुतला जलाने से पाप का अंत कभी नहीं होगा, उसे किये हमें अपने ह्रदय में हर पाप  और अनुचित कार्य के बीज को मारना होगा और ये हर पल करना होगा। इसके पहले रावण अपनी कोई भी प्रतिक्रिया दे पता, ज्योति एक नए प्राण को बचने के लिए दौड़ पड़ी।

शनिवार, 20 अक्टूबर 2012

Sharten Lagoo

शर्तें लागू 

लुभाने का ज़माना है
हर कीमत पर ग्राहक को पटाना है !

ये लो तो वो मुफ़्त
और वो लो तो कुछ और मुफ़्त !

कोई चीज किसी के साथ मुफ़्त है
कुछ एक लो तो दो साथ में और मिलते हैं  !

राजनेता के साथ भ्रष्टाचार मुफ़्त
बिल्डर के साथ धोखाधड़ी मुफ़्त !

माँ के साथ ममता मुफ़्त
तो बच्चे के साथ मासूमियत मुफ़्त !

पैसे के साथ तोंद मुफ़्त
तो अमीरी के साथ बीमारी मुफ़्त !

दुल्हन के साथ शर्म हया मुफ़्त
तो घरवाली के साथ साली मुफ़्त !

फेसबुक के संग बिछड़े दोस्त मुफ़्त
तो ब्लैकबेरी के संग पत्नी का ग़ुस्सा मुफ़्त !

नौकरी के साथ तनाव मुफ़्त
तो दिल के साथ हृदयरोग मुफ़्त !

सब कुछ मुफ़्त होने के बाद भी
कुछ भी आसानी से नहीं मिलता !

क्योंकि हर मोड़ , हर नुक्कड़ ,
हर गली कूचे पर शर्तें लागू हैं !

मज़े की बात तो ये हैकि ये शर्तें दिखती नहीं हैं
दिखता है तो बस मुफ़्त , मुफ़्त , मुफ़्त !

नेताजी कहें "हम सड़क बनवायेंगे , स्कूल बनवायेंगे "
शर्ते लागू !
वोट नहीं दिया हमें तो ये सब धरे के धरे रह जायेंगे !!

बेटा बोला बाप से "आप कितने अच्छे हैं"
शर्तें लागू !
जेबखर्च बढ़ा देना वर्ना सिगरेट वाली बात खुल जाएगी !!

पत्नी बोली पति से "आय लव यू"
शर्तें लागू !
शाम को घर आते समय साडी और गहने  ले आना !!

डॉक्टर बोला "तुम बिल्कुल ठीक हो, बस ये टेस्ट करा लेना"
शर्तें लागू !
हमारे चंगुल में आये हो बच्चू , बच के कहाँ जाओगे !!

जूनियर बोला बॉस से "ये रंग आप पर बहुत जंचता है"
शर्तें लागू !
प्रमोशान के साथ ज़रा पैसे भी बढ़ा देना !!

अमरीका बोला भारत से "हम सहयोग के छेत्र बढायेंगे"
शर्तें लागू !
ऍफ़ डी आई ला दो, फिर दूसरी ईस्ट इंडिया कंपनी बनायेंगे !!

मां ने अपने नवजात शिशु को हवा में उड़ा के पुचकारा !
बच्चा रोने की जगह खिलखिलाया !!
क्योंकि यहाँ कोई शर्तें नहीं लागू हैं !!!

ख़ुशी के साथ ख़ुशी मुफ़्त !
विश्वास के साथ विश्वास मुफ़्त !!





शनिवार, 30 अक्टूबर 2010

दुःख

सोचो ! सोचो !! सोचो !!!
जीवन में हम खुश नहीं हैं :(
क्यों ???

क्या ख़ुशी की कोई सीमा होती है,
या दुःख की पराकाष्ठा होती है,

ख़ुशी की परिभाषा क्या है ?
जिससे शरीर में संचेतना जागती है,
हृदय आनंदित होता है,
धमनियों में रक्त संचार बढ़ता है
प्रतिद्वंदी की पराजय,

दुःख का स्रोत क्या है ?
इच्छित वस्तु का ग्रहण न कर पाना,
शरीर में रोगों का आक्रमण,
लक्ष्य को हासिल ना पर पाना,
या प्रतिद्वंदी की विजय !!!

क्या ये ज़रूरी है की एक व्यक्ति की ख़ुशी से दुसरे को दुःख हो ?
क्या संपूर्ण ख़ुशी नाम की कोई चीज़ होती है,

संपूर्ण ख़ुशी वही होती है जिससे हर व्यक्ति खुश हो,
जिस ख़ुशी से दुसरे को दुःख पहुंचे,
वो ख़ुशी अधूरी है ,

अब आज सोचो तुम की जीवन में कितनी बार सम्पूर्ण ख़ुशी हुई है ?

सोचो ? सोचो ?? सोचो ???

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2010

इंतज़ार

इंतज़ार है ! अब भी तुम्हारा !!
क्यों ?
क्या कभी वापस आओगे ?
फिर भी एक अकल्पनीय चीज़ की मैं क्यों कल्पना करता हूँ ?

आज भी आधी रात के बाद जब दरवाज़ा बोलता है ,
अपनी पढाई से एकदम ध्यान टूटता है,
"आ गए क्या टूर से"
हाँ टूर ही पर तो गए हो और वोह भी बहुत लम्बे ,

अब भी जब भोर के वक्त जब एक रिक्शेवाला अपनी घंटी की आवाज़ से उठता है,
फिर मन में एक हूक सी उठती है,
"प्रयागराज का समय हो गया है "

कभी कभी पढ़ते पढ़ते जब मन अपने में खो जाता है और एक कठिन शब्द आता है
तो मन अन्दर से एकदम से बुदबुदाता है ---
"पापा जरा इस शब्द का मतलब तो ........."

सुबह से ले कर रात तक के चाय के दौर ,
घर से निकलने के पहले की राधास्वामी,
मंदिर मस्जिद गुरूद्वारे और चर्च के आगे सर झुकाना,
शेव् के समय की बातें,
नाश्ते के वक्त की बातें,
रात, दिन, सुबह, शाम
बातें ही बातें,
वही सारे शब्द एक बार फिर गूँज उठते हैं,
एक बार फिर दरवाज़े पर आवाज़ होती है,

शायद भिकारी है,
नज़र उठता हूँ तो बोलते हैं
"मेरे पोकेट में फुटकर होगा "
सामने देखता हूँ तो मानो कह रहे हो -
"जो भी हो दे दो, खाली नहीं जाना चाहिए "

उसे पैसे देने के बाद लगता है,
जो पाने की कोशिश कर रहा हूँ,
वो है मेरे पास,
हाँ वो हैं मेरे पास,
अब इंतज़ार नहीं है उनका,
क्योंकि वो मुझे मिल गए हैं,
मुझमें मिल गए हैं,

वो मेरे पास हैं,
हम एक हैं !!!

बुधवार, 6 अक्टूबर 2010

यादें

कांव कांव कांव !!!
कांव कांव कांव !!!

आज कौवे ने असमय ही नींद तोड़ दी ,
टेलीफ़ोन के खम्बे पर बैठा प्रलाप कर रहा है ,
साढ़े चार बजे हैं पर घने बदाल जैसे अँधेरी रात की ओरइशारा कर रहे हैं !

आज कौन आ सकता है, इस समय ओर इस मौसम में !
पर इसका प्रलाप व्यर्थ तो होता नहीं,
बाकी सब ऐसे शांत हैं, जैसे कोई मेरे लिए या मेरे पास ही आया है,
हाथ बढाकर टेबल लंप जलाया तो कमरे में भीनी भीनी सी रौशनी फ़ैल गयी,
माँ बेवक्त न उठ जाये इसलिए टेबल लंप का मुंह दूसरी ओरकर देता हूँ,
अब आधे कमरे में अँधेरा है ओर माँ शांति से सो रही है,
उधर अँधेरा है पर सामने अलमारी में रौशनी है ,
ऐसा लग रहा है की हर चीज़ से पहली बार साक्षात्कार कर रहा हूँ,
अलमारी पर रखी पापा की फोटो मुस्कुरा रही है,
"क्या हुआ नींद टूट गयी क्या?"
आप सोये नहीं क्या?
"नहीं सोया तो था पर नींद खुल गयी तो बैठ के लिखे लग गया,
कुछ बना क्या?
बन रह है, इतना पढो, देखो ये चरक्टेर अपने शुक्ल जी से कुछ मिलता जुलता नहीं है,

अरे वीनू कब से उठे हो? तबियात तो ठीक है ना?
माँ उठा गयी,
मेरी वार्ता में चंद भर का व्यवधान आ गया ,
मुंह धो लो ओर किताब बंद कर के सोया करो,

ट्रिंग ट्रिंग ट्रिंग !!!
वीनू देखो फ़ोन आया है ,
"ओर ज्योति बेटा कैसे हो ? रेहेअर्सल में तो आओगे ना ?"

वीनू उठो दिन भर ऐसे ही बैठे रहोगे क्या?
उफ़ ६ बज गए ओर घने बादल अब छंट गए हैं,
अब पूरी रौशनी है, अँधेरा भाग गया है ,

कांव कांव कांव !!!
कांव कांव कांव !!!
कोई नहीं आया, इतनी समय हो गया !
पर इसका प्रलाप व्यर्थ तो होता नहीं ,
हाँ आयीं तो थी !!!
ढेर सी यादें !!!
हिम्मत देने वालीं यादें !!!
दिलासा देने वाली यादें !!!
आश्वासन भरी यादें !!!
कुछ करने को प्रेरित करती हुई यादें !!!
रौशनी से भरी यादें !!!
यादें ही यादें !!!
कांव कांव कांव !!!